“देखा हैं कभी छः रंगों वाले इंद्रधनुष से सजा नीला आसमान, देखी हैं कभी बसंत ऋतु में बिन कूक की कोयल, सोए हो कभी गोद में जब लोरी बिन सूनी हो ममता, भीगे हो कभी बिन छमछम के मॉन्सून की बरसात में ….बस कुछ ऐसा ही हैं प्रवासी जीवन”
“ चार धाम यात्रा ” नदी तब बनती हैं जब छोटी छोटी धारायें जुड़ के एक साथ बहने लगे। हाँ , इस जुड़ाव की प्रक्रिया में , कोई भी धारा अपना महत्व कभी नहीं खोती । मैं हरिद्वार से गंगासागर तक की चर्चा नहीं कर रहा , कभी पधारे गौरीकुंड और देखे प्रकृति का अद्भुत दृश्य उकेरती मंदाकिनी धारा को। प्रतीत होता हैं जैसे किसी ने कानो में मिश्री घोल दी हो। हाँ सारी धारायें चंचल होती हैं , अलकनन्दा और भागीरथी नदी में मिल कर वो भी परिपक्व हो जाती हैं और पहाड़ों से उतर के मुख्य धारा बन के बहने लगती हैं। कभी हर की पौड़ी या फिर दशाश्वमेध घाट पे मन मोह लेनी वाली संध्या आरती से पूजी जाती है। हाँ त्रिवेणी का महाकुंभ और श्राध पक्ष की समाप्ति के अंतिम दिन नदी किनारे उषा की पहली किरण पे पितरों को किया जाने वाला तर्पण कौन भूल सकता हैं। सर्वत्र जग कल्याण की यात्रा के पश्चात सागर में ही मिलना हैं जानते हुए भी...
“इतनी सी गाथा हैं इक चुटकी राख की, एक दिन सबने हिस्सा बन जाना हैं इस ख़ाक की। उठी, लपटें उठी, उठा धूँ -धूँ करता अहंकार, अंत इन्ही सा होना हैं कर लो ये स्वीकार। गीली जड़े रह गयी आँगन में, सूखे लट्ठ दिए चिता में डाल, रह गया क्या मेरे पीछे बस इतना रहा सवाल। लगा ललाट पे तिलक अपने तू, इतना बस रख याद, राख से जन्मा राख हो जाएगा चार दिनो के बाद”
“सिल बट्टा और चटनी ” “ एक पल्ला धनिया और उतना ही पुदीना ले आया था , डंडी जड़ सब सुधार के पत्तों को दो - चार हरी मिर्च के साथ सिल पे मौसी ने रख लिया था। पीसना शुरू किया एक गाँठ अदरक की भी डाली , मेहनत और मशक़्क़त के बाद चटनी तैयार थी , मौसी के इस अन्दाज़ से सभी बड़े हैरान रहते हैं , मिक्सर - ग्राइंडर हैं पल में बन जाती , ना वो कहाँ मानने वाली थी। खाने की मेज़ पे सभी सबसे ज़्यादा चटकारे लेके और वाह वाही से इसी चटनी को चट कर जाते थे । हम सभी ये धनिए और पुदीने के पत्तों से हैं , रोज़मार्रा की ज़िंदगी में बस गार्निश करने के काम आते हैं किसी सब्ज़ी पे या किसी मेहमाननवाज़ी वाले पेय के गिलास की किनारी पे। जब हम ऐसी किसी की शगिर्दी कर ले जो हमारे अवगुण सुधार के हमें मुश्किल परिस्थिति में कसौटी पे कसे और साथ ही साथ अन्य गुणवान लोगों से परिचित करवाए , समझ ली जिये अब आप गार्निश नहीं चटकारे लेने वाली श्रेणी में आनेवाले ...
“परिवर्तन की ही तरह, संतुलन और समन्वय प्रकृति के नियम हैं। जीवन-मृत्यु, सुख- दुःख, ख़ुशहाली-बदहाली ये सब समय के चक्र के साथ घूमते रहते है।उसी तरह हम उम्र के ऐसे पड़ाव पे आ गये हैं ,जहां एक ओर नज़र कमज़ोर पड़ने लगी हैं और निजी अनुभव के साथ दुनिया को परखने का नज़रिया और परिपक्व होने लगा हैं। घबराए नहीं बस ऐनक ही लगी हैं, किसी रूढ़िवादी मानसिकता से ग्रसित नहीं हुए हैं ।”
“ ग़ज़ल बेवा हो गयी जगजीत तेरे जाने के बाद, दिल सोच के घबराता है क्या होगा गुलज़ार तेरे जाने के बाद। कौन टटोलेगा लम्हों को और ढूँढेगा फुर्सत हाथों में लिए लफ़्ज़ों की छड़ी? सम्पूर्ण हो तुम सम्पूर्ण ही रहोगे, अधूरे रह जाएँगे हम तेरे जाने के बाद। दिल सोच के बहुत घबराता है…..क्या होगा गुलज़ार तेरे जाने के बाद।” -१०/१०/२०११
“किसी ने कहाँ, चलो लंगड़ी खेले, कोई बोला, नहीं माँझा लाए, हरी पतंग पे बैठ नीले आसमान की सैर करेंगे। तभी, आवाज आयी ...अलार्म बजा आँख खुल गई.... ख़्वाब था शायद.... ख़्वाब ही होगा। खुद को समझाया चल उठ मुँह हाथ धो ले। फिर से निकलना हैं उम्मीदों की गठरी सिर पे रख.... खुद को बेचने”
“चलो आओ टूटते-बिखरते रिश्तों को बटोर ले, ज़िंदगी की शाम में इन्ही की मद्धम पड़ती लौ शायद लालटेन या ढिबरी बन उम्मीद का रोशनदान दिखाए। जिन बेमानी रिश्तों के दीयों को स्नेहरूपी घृत से ताउम्र संजोए रखा, उनके तले का अंधेरा ही आज हमारे हिस्से हैं….बस …अब …..चलो ….आओ….इक बार …टूटते- बिखरते रिश्तों को बटोर ले”
“उम्मीद” “ खिड़की के टूटे काँच से झांके के देखा पौ फटने को हैं और बारिश भी थम गयी हैं मैं बाहर निकल पतली पगडंडी पकड़ आगे बढ़ा। नजारा देख के भाप गया बीती रात के तूफ़ान ने क्या तबाही मचायी हैं। अमलतास की टूटी डाल से कुछ ही दूरी पे बिखरा तिनको का घोंसला और एक नवजात पक्षी , आँखें भी नहीं खोल पाया बेचारा , अंधेरे का क़हर कैसे लील गया मासूम को । कितनी बेबस रही होगी इसकी माँ । नदी किनारे पहुँचा देखा नाव उल्टी कटोरी सी पड़ी हैं , मल्लाह ने अपने रिसते झौपड़े में लालटेन लिए , सारी रात आसमान की ओर टकटकी लगाए बिताई होगी। गेरुए वस्त्र में अलमस्त फक्कड़ साधुओं की टोली नदी में स्नान कर सुबह की पहली किरण पे अर्घ देने की तैयारी कर रहे थे। लगा जैसे रात कोई तूफ़ान आया ही नहीं , यहीं ख़ूबसूरती हैं ज़िंदगी की । बस थामे उम्मीद की उँगली चलते चलो एक नयी पगडंडी पे ”
“आयी फिर उसकी याद, एक एक बीता लम्हा टिम टिमा रहा जैसे सितारों से भरा जीवन का आसमाँ । वो रहा पहली मुलाक़ात वाला ध्रुव तारा, वो देखो उधर उत्तर की ओर हाथ थामें साथ लिए थे हमने सात फेरो वाला जगमगाता सप्तर्षि। ये क्या किसने दी ऐसी तपिश, हालातों की आँच पे टपकता ....बूँद दर बूँद ...हमारी रिश्तों का .....पिघलता चाँद .....हाँ आयी फिर उसकी याद।”
“पखवाड़े का चाँद” “ हर अगले पखवाड़े चाँद आता , हम भी उसे नज़रों से ही महसूस करते , फिर निकल पड़ते इक और पखवाड़े की तलाश में। गति धीमी पड़ जाती कभी जो हमारी , बस कोई रोक के हाल ही पूछ लेता। इतना इत्मिनान और सुकून महसूस करते जैसे चाँदिनी की तलाश में पड़े पैरो के छलो पे किसी ने मरहम लगा दी हो , हाँ फिर निकल पड़ते इक नए पखवाड़े की तलाश में .... सुना हैं अगला चाँद ईद वाला होगा ....”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें